जशपुर। सेवा संकल्प अभियान और ‘सेवा मेरा योगदान उत्सव’ को प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों को जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में उन्होंने अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों को तय समय पर आयोजित करने को कहा। 1 से 7 अक्टूबर तक जिला और विकासखंड स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए ऐसे गांवों को चुना जाएगा, जहां पहले इस तरह के शिविर नहीं लगे हैं। प्रत्येक विकासखंड में एक दिन में केवल एक शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को 26 प्रकार की सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था रहेगी। स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड से वंचित लोगों के कार्ड बनाने, जबकि समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, परिवहन, राजस्व, कृषि और पशुपालन विभाग को पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, शिक्षा विभाग की ओर से अपार आईडी, परिवहन विभाग से ड्राइविंग लाइसेंस और खाद्य विभाग से राशन कार्ड संबंधी शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायतों में मुनादी भी कराई जाएगी।
अभियान के तहत 23 से 25 सितंबर तक गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। धार्मिक स्थलों की सफाई में अधिकारी-कर्मचारियों के साथ आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों को योग, देहदान, अंगदान, रक्तदान, वस्त्रदान और पुस्तकदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। वन विभाग को 25 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं 1 अक्टूबर को सियान गुड़ी और सभी जनपद पंचायतों में ‘सियान ऑयडल’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक गायन, वादन, कविता और भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। चयनित प्रतिभागियों का सम्मान भी किया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन और कलेक्टर जनदर्शन से जुड़े लंबित आवेदनों की स्थिति की भी समीक्षा हुई।
