आईआईटी-बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामले में प्रोफेसर दूल्ला को छुट्टी पर भेजा, आज अपराध शाखा करेगी पूछताछ

Follow Us

मुंबई। महाराष्ट्र में स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे में छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में संस्थान ने प्रोफेसर सूर्यनारायरण दुल्ला को अवकाश पर भेज दिया है। प्रोफेसर पर छात्र को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है, जिसके तहत मुंबई अपराध शाखा की टीम आज उनसे पूछताछ करेगी।

जांच एजेंसी ने साहिल के माता-पिता और उन छात्रों के बयान दर्ज किए हैं, जो परीक्षा हॉल में उसके साथ मौजूद थे। संस्थान के प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। बताया जा रहा है कि अपराध शाखा आईआईटी बॉम्बे के प्रोफेसर और अन्य संकाय सदस्य के बयान भी दर्ज कर सकती है।
प्रोफेसर दुल्ला से बुधवार को पूछताछ होगी।

इससे पहले संस्थान ने उनको प्रशासनिक मामले के डीन पद से हटाया था। उनके खिलाफ जातिगत भेदभाव का आरोप है। अपराध शाखा साहिल के फोन की भी जांच करने के लिए तकनीकी मदद ले रही है, जो लॉक है। जांचकर्ता आरोप की पुष्टि करने के लिए डिवाइस से डेटा निकालने का प्रयास कर रही है, जिसमें उसकी चैटजीपीटी हिस्ट्री भी शामिल है। दूसरी तरफ, आत्महत्या से नाराज छात्रों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए उनकी अधिकतर मांगों को मान लिया गया है। संस्थान की जांच समिति में 3 छात्र भी शामिल हैं।