बेमेतरा कॉलेज में प्रोफेसर पर छात्राओं से अनुचित संदेश भेजने का आरोप, इस्तीफे के बाद भी कार्रवाई की मांग

Follow Us

बेमेतरा। शासकीय पंडित जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर जेपी राणा पर छात्राओं को देर रात व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज भेजकर पैसे का लालच देने तथा अश्लील मांग करने का आरोप लगा है। छात्राओं ने मामले की शिकायत कलेक्ट्रेट में दर्ज कराते हुए व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट भी अधिकारियों को सौंपे हैं। छात्राओं का आरोप है कि उन्होंने पहले कॉलेज प्रबंधन को जानकारी दी थी, लेकिन मामले का कॉलेज स्तर पर समाधान करने की कोशिश की गई। इसके बाद छात्र-छात्राएं शिकायत लेकर जिला प्रशासन के पास पहुंचे।

विवाद सामने आने के बाद मंगलवार को छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी छात्र प्रोफेसर के इस्तीफे की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग पर अड़े रहे। कई घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्राचार्य वीणा त्रिपाठी ने छात्रों के सामने प्रोफेसर का इस्तीफा पत्र प्रस्तुत किया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ। कॉलेज प्रबंधन ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। हालांकि, छात्र संगठन अब भी मामले में पुलिस केस दर्ज करने और विभागीय कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रोफेसर पिछले करीब तीन वर्षों से कॉलेज में पदस्थ थे। घटना के बाद उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। फिलहाल कॉलेज प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।