तलाक की अफवाहों पर प्रिंस नरूला का खुलासा, बोले- ‘हर परिवार में मतभेद होते हैं, युविका को छोड़ने का ख्याल कभी नहीं आया’

Follow Us

मुंबई। रियलिटी टीवी स्टार प्रिंस नरूला ने अपनी निजी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। पत्नी युविका चौधरी के साथ तलाक की चर्चाओं के बीच प्रिंस ने बताया कि वह लंबे समय तक गंभीर एंग्जायटी और मानसिक तनाव से जूझते रहे। उन्होंने कहा कि उस दौर में उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि कई महीनों तक वह ठीक से सो भी नहीं पाए। नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो ‘डबल डेट’ में बातचीत के दौरान प्रिंस नरूला ने बताया कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि वह खुद एंग्जायटी जैसी समस्या का सामना करेंगे। पंजाब के छोटे गांव से आने के कारण उनके आसपास मानसिक स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा जागरूकता नहीं थी।

प्रिंस ने स्वीकार किया कि पहले वह एंग्जायटी और डिप्रेशन जैसी समस्याओं को गंभीरता से नहीं समझते थे। उन्होंने कहा कि वह ऐसे माहौल में बड़े हुए जहां लोग मानसिक परेशानियों के बारे में बात नहीं करते थे। लेकिन जब उन्होंने खुद इसका अनुभव किया तो उन्हें एहसास हुआ कि यह एक वास्तविक और गंभीर समस्या है। उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि एंग्जायटी के दौरान उनका दिल तेजी से धड़कने लगता था और उन्हें घबराहट महसूस होती थी। कई बार वह ट्रैफिक के बीच कार छोड़कर चले जाते थे या दोस्तों के साथ फिल्म देखते हुए अचानक बाहर निकल जाते थे, क्योंकि उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगती थी।

प्रिंस ने बताया कि रात का समय उनके लिए सबसे मुश्किल होता था। उन्होंने कहा कि वह लगातार करीब छह महीने तक ठीक से सो नहीं पाए। उन्हें अंधेरे से डर लगने लगा था और उन्हें लगता था कि अगर वह सो गए तो शायद दोबारा नहीं उठ पाएंगे। इस मानसिक परेशानी का असर उनकी सेहत पर भी पड़ा। प्रिंस के मुताबिक, उनका वजन करीब 20 किलो तक कम हो गया था। उन्होंने बताया कि उनका कोलेस्ट्रॉल बढ़ गया था और स्वास्थ्य से जुड़ी कई परेशानियां सामने आने लगी थीं। अपने सबसे खराब दौर में वह रोजाना कई दवाइयां लेते थे। प्रिंस नरूला ने पत्नी युविका चौधरी के साथ रिश्ते को लेकर चल रही तलाक की अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हर परिवार में मतभेद होते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं होता कि रिश्ते खत्म कर दिए जाएं। उन्होंने साफ कहा कि युविका उनके लिए बहुत खास हैं और उन्हें कभी भी उन्हें छोड़ने का ख्याल नहीं आया। प्रिंस ने बताया कि मुश्किल समय में भी उनका परिवार और बेटी उनके लिए सबसे बड़ी ताकत रहे।