मुंबई। टेलीविजन अभिनेता रोहित चंदेल कानूनी विवाद में फंस गए हैं। अभिनेता पर 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का पीछा करने, उसे लगातार परेशान करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मुंबई पुलिस ने रोहित चंदेल के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि अभिनेता कथित तौर पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से नाबालिग लड़की को बार-बार फोन कर परेशान करते थे।
शिकायत के मुताबिक, यह घटना 5 जुलाई को हुई, जब आरोपी ने कथित तौर पर लड़की को उसकी रिहायशी इमारत के पास रोका। आरोप है कि वहां दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद गाली-गलौज और मारपीट की घटना सामने आई। पीड़िता के परिवार की शिकायत के आधार पर मुंबई के पंत नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट के अलावा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 और धारा 115(2) के तहत भी कार्रवाई की है।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के तहत आरोपी के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, मैसेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है, ताकि घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके। बता दें कि 29 वर्षीय रोहित चंदेल टेलीविजन इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। वह इन दिनों टीवी शो ‘सैरब’ में नजर आ रहे हैं। इससे पहले वह ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ में बाजीराव और ‘पंड्या स्टोर’ में धवल मकवाना की भूमिका निभा चुके हैं।फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
