Masala Macaroni Recipe: शाम के समय बच्चों को अक्सर कुछ टेस्टी और झटपट बनने वाला नाश्ता चाहिए होता है। ऐसे में मसाला मैकरोनी एक बेहतरीन विकल्प है। देसी मसालों, ताजी सब्जियों और मैकरोनी का यह स्वादिष्ट कॉम्बिनेशन बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी खूब पसंद आता है। खास बात यह है कि इसे सिर्फ 15 मिनट में आसानी से तैयार किया जा सकता है।
आवश्यक सामग्री
- 1 कप मैकरोनी
- 1 प्याज (बारीक कटा हुआ)
- 1 टमाटर (बारीक कटा या प्यूरी)
- ½ कप शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 1 हरी मिर्च (वैकल्पिक)
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 2 बड़े चम्मच टोमैटो केचप
- ¼ चम्मच हल्दी पाउडर
- ½ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- ¼ चम्मच गरम मसाला
- नमक स्वादानुसार
- 2 बड़े चम्मच तेल या बटर
- हरा धनिया सजावट के लिए
सबसे पहले एक बर्तन में पानी उबालें। उसमें थोड़ा नमक और तेल डालकर मैकरोनी को 8-10 मिनट तक उबाल लें। नरम होने पर छानकर ठंडे पानी से धो लें। अब कड़ाही में तेल या बटर गर्म करें। इसमें हरी मिर्च और अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर हल्का भूनें। फिर प्याज डालकर सुनहरा होने तक पकाएं। इसके बाद शिमला मिर्च और अन्य पसंदीदा सब्जियां डालकर 2 मिनट तक पकाएं।
अब टमाटर डालें और नरम होने तक भूनें। इसमें हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक मिलाएं। मसाला तैयार होने पर टोमैटो केचप डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। उबली हुई मैकरोनी को मसाले में डालें और धीरे-धीरे मिलाएं। 2 मिनट तक ढककर पकाएं ताकि मसालों का स्वाद अच्छी तरह मैकरोनी में समा जाए। अंत में हरा धनिया डालकर गरमा-गरम सर्व करें। बच्चों को चीज पसंद हो तो ऊपर से कद्दूकस किया हुआ चीज डालकर इसका स्वाद और बढ़ाया जा सकता है।
