दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के बाद से वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। राजधानी की हवा में घुला जहर लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, शुक्रवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 403 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं, स्विस संस्था IQAir के आंकड़ों में दिल्ली का AQI 334 रहा। इन आंकड़ों के आधार पर दिल्ली दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में पहले स्थान पर पहुंच गई और पाकिस्तान के लाहौर को पीछे छोड़ दिया। राजधानी के कई इलाकों में धुएं और कोहरे की घनी चादर छाई हुई है। सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता काफी कम रही, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। प्रदूषित हवा के कारण सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
IIT दिल्ली में AQI 488, कई इलाकों में हालात गंभीर
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह दिल्ली के 58 निगरानी केंद्रों में से 33 पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 24 केंद्रों पर AQI बेहद खराब रहा। एक केंद्र पर वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई।
प्रमुख प्रदूषित इलाकों का AQI इस प्रकार रहा:
० IIT दिल्ली – 488
० चांदनी चौक – 479
० दिल्ली विश्वविद्यालय नॉर्थ कैंपस – 478
० बुराड़ी क्रॉसिंग – 456
० ITO – 451
० JNU – 451
० जहांगीरपुरी – 430
० वजीरपुर – 427
० आनंद विहार – 419
० रोहिणी – 413
० IGI एयरपोर्ट (T-3) – 403
० टिकरी कलां – 402
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए GRAP-3 लागू
दिल्ली-एनसीआर में बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू किया था। इसके तहत धूल फैलाने वाली निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। पत्थर तोड़ने वाली इकाइयों और खनन गतिविधियों को भी बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों पर प्रतिबंध
GRAP-3 के तहत दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में BS-3 पेट्रोल तथा BS-4 डीजल या उससे पुराने हल्के मोटर वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही BS-4 और उससे पुराने कुछ श्रेणियों के डीजल मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। इन उपायों का उद्देश्य वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करना है।
AQI 450 पार होने पर लागू हो सकता है GRAP-4
प्रदूषण की स्थिति और बिगड़ने पर GRAP के चौथे चरण को लागू किया जा सकता है। दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 450 से अधिक पहुंचने पर गंभीर प्लस श्रेणी के तहत सबसे सख्त प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं। इस बीच मौसम में भी बदलाव दर्ज किया गया है। सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था। प्रदूषण और मौसम की मौजूदा परिस्थितियों के चलते दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।
