आपातकाल को लेकर गरमाई सियासत, अनुज शर्मा बोले- देश ने देखा था तानाशाही का दौर

Follow Us

कोरबा। आपातकाल की बरसी पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कोरबा में आयोजित प्रेस वार्ता में धरसींवा विधायक और भाजपा नेता अनुज शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताया।

उन्होंने कहा कि, 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक देश में लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक लगाई गई और नागरिक स्वतंत्रता प्रभावित हुई। अनुज शर्मा ने आरोप लगाया कि, तत्कालीन सरकार ने सत्ता बचाने के लिए आपातकाल लागू किया, जिसके बाद विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कई संगठनों के लोगों को गिरफ्तार किया गया।

भाजपा नेता ने कहा कि, उस दौर में मीडिया पर भी प्रतिबंध लगाए गए और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सीमित किया गया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को आपातकाल के घटनाक्रम और लोकतंत्र के महत्व की जानकारी होना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा न बनें। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और संविधान के सम्मान की बात कही। कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। आपातकाल को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बहस लगातार जारी है।