रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और AICC महासचिव भूपेश बघेल ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि, प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार हालात संभालने में नाकाम है। भूपेश बघेल ने कहा कि जब मुख्यमंत्री कवर्धा गए थे, उसी दौरान एक महिला की हत्या हुई और नांदगांव दौरे के समय फूलबासन यदु के अपहरण की घटना सामने आई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, “विष्णु के सुशासन में सब संभव है।”
उन्होंने रायपुर में हुई आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कानून व्यवस्था को पूरी तरह विफल बताया। साथ ही डीजीपी नियुक्ति में देरी पर भी सरकार को घेरा और कहा कि, जब शीर्ष पद पर ही निर्णय नहीं हो पा रहा, तो शासन व्यवस्था की स्थिति समझी जा सकती है। भूपेश बघेल ने सरकार के संवाद और सोशल मीडिया प्रबंधन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि, सरकारी मंचों का राजनीतिक उपयोग हो रहा है और छत्तीसगढ़ के लोगों की भागीदारी कम की जा रही है। गृह मंत्री विजय शर्मा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर उन्हें “अक्षम” बताया और केंद्र सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। साथ ही बंगाल चुनाव को लेकर भी चुनाव आयोग पर टिप्पणी करते हुए भाजपा की जीत पर सवाल खड़े किए।
