जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, 6 जुआरी गिरफ्तार; ₹1.13 लाख से ज्यादा की जप्ती

Follow Us

रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा समेत अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने ग्राम खम्हार में दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश देकर 6 जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल ₹1,13,590 की सामग्री जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम खम्हार में अभय गुप्ता के मकान के पीछे खुले स्थान पर कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसे का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी कर दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश दी। पहले जुआ फड़ से लवकुश डाठिया (28), अभय गुप्ता (22) और रामलाल चौहान (30) को जुआ खेलते पकड़ा गया। इनके कब्जे और फड़ से कुल ₹5,390 नगद, 52 पत्ती ताश तथा फड़ के पास से ₹4,440 नगद और CT 110 X मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BD 9417, जिसकी कीमत करीब ₹40,000 है, जब्त की गई। इस फड़ से कुल ₹44,440 की जप्ती हुई।

इसके बाद पुलिस ने दूसरे जुआ फड़ पर कार्रवाई करते हुए प्रदीपक राठिया (19), सोधन राठिया (18) और विनय भारद्वाज (30) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे और फड़ से कुल ₹4,150 नगद, 52 पत्ती ताश तथा फड़ के पास से ₹4,150 नगद, CT 110 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AR 1394 कीमत करीब ₹40,000 और बिना नंबर की हीरो होंडा स्प्लेंडर कीमत करीब ₹25,000 जब्त की गई। दूसरे फड़ से कुल ₹69,150 की जप्ती की गई।

इस तरह दोनों जुआ फड़ों से पुलिस ने कुल ₹8,590 नगद, 3 मोटरसाइकिलें और 52-52 पत्ती ताश जब्त की। जब्त सामान की कुल कीमत ₹1,13,590 बताई गई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना धरमजयगढ़ में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध क्रमांक 220/2026 और 221/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, भोकला राम भगत, आरक्षक ललित राठिया, जितेंद्र भगत और बीरबल टोप्पो शामिल रहे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।