खैरागढ़। जिले के केसीजी अंतर्गत गंडई थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 पौवा देशी मसाला शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार जिले में नशे और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर गंडई थाना पुलिस ने शराब भट्ठी रोड, नहर नाली और शवगृह के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AH 8802 पर सवार विकेश टंडन को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास रखी प्लास्टिक बोरी से 29 पौवा देशी मसाला रोमियो शराब बरामद हुई। इसी दौरान पैदल आ रहे पुरुषोत्तम टंडन की तलाशी लेने पर उसके थैले से भी 29 पौवा देशी मसाला रोमियो शराब मिली। पुलिस ने दोनों आरोपियों से शराब रखने और परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद कुल 58 पौवा देशी मसाला शराब (करीब 10.44 बल्क लीटर) और एक मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 5,800 रुपये बताई गई है।
मामले में थाना गंडई में अपराध क्रमांक 189/26 एवं 190/26 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
