बालू बाजों की उड़ान थमी- रातभर चली खनिज विभाग की ताबड़तोड़ दबिश हाइवा -चेन माउंटेन मशीन जब्त, अवैध कारोबारियों में खलबली

Follow Us

गरियाबंद। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर बी.एस. उइके के निर्देश और मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में 11 जून की देर रात से शुरू हुई कार्रवाई 12 जून सुबह करीब 9:30 बजे तक जारी रही, जिसमें अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों एवं मशीनों पर शिकंजा कसा गया।

खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम चौबेबांधा-सिंधोरी बॉर्डर पर दबिश देकर अवैध खनन में उपयोग की जा रही एक चेन माउंटेन मशीन को जब्त किया। वहीं कार्रवाई के दौरान एक हाइवा वाहन को भी पकड़ा गया, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए पांडुका थाना में रखा गया है। इसके अलावा एक अन्य जब्त वाहन को राजिम थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। अवैध रेत और खनिज परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने देर रात संयुक्त अभियान चलाया, जिसके दौरान कई संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और मौके पर कार्रवाई की गई।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने खनिज संपदा के अवैध दोहन में शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए राजिम पुलिस माइनिंग सहायक अधिकारी अर्चना ठाकुर एवं माइनिंग इंस्पेक्टर कोमल ध्रुव ने बताया कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी संयुक्त जांच एवं कार्रवाई की जाएगी।