दुर्ग। जिले में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां अहिवारा क्षेत्र के पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर को कलेक्टर अभिजीत सिंह ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पटवारी पर आरोप है कि, उसने भूमि बंटवारे के नाम पर एक बुजुर्ग महिला से 45 हजार रुपये की रिश्वत ली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू की। तहसीलदार अहिवारा द्वारा की गई जांच में प्रार्थी अमन कुमार टंडन और पटवारी दोनों के बयान दर्ज किए गए।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि, भूमि बंटवारे के काम के बदले पटवारी ने पैसे लिए थे और बाद में उसने स्वीकार भी किया कि, राशि ली गई है। पटवारी ने अपने बचाव में कहा कि वह वेतन मिलने के बाद पैसे वापस करने वाला था, लेकिन जांच अधिकारियों ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया। एसडीएम महेश राजपूत ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों का गंभीर उल्लंघन माना। इसके बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उसे केवल जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में प्रशासनिक सख्ती का संदेश गया है और लोगों ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सही कदम बताया है।
