डीएवी शिक्षक दंपती के इकलौते बेटे ने की आत्महत्या, घर लौटने पर पंखे से लटका मिला शव

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां डीएवी स्कूल के शिक्षक दंपती के 19 वर्षीय इकलौते बेटे वासु सरकार ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक कॉलेज का छात्र था। घटना के बाद पूरे इलाके और स्कूल परिसर में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, वासु के पिता राजा सरकार कुसमुंडा डीएवी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि उसकी माता कोरबा स्थित डीएवी एसईसीएल स्कूल में शिक्षिका हैं। मंगलवार सुबह दोनों माता-पिता अपने-अपने स्कूल चले गए थे और वासु घर पर अकेला था। दोपहर में जब दोनों घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद खिड़की से झांकने पर उन्होंने देखा कि वासु कमरे में पंखे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। यह दृश्य देखकर परिवार सदमे में आ गया।

आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर वासु को नीचे उतारा गया। तुरंत उसे विकास नगर स्थित एसईसीएल के विभागीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है

परिवार और परिचितों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में वासु ने यह कदम उठाया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उसे किसी मानसिक तनाव या अन्य कारणों का सामना करना पड़ रहा था। बताया जा रहा है कि वासु ने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय उसकी जान बच गई थी। इस बार उसने यह कदम उठा लिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर दोनों डीएवी स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और स्टाफ भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। स्कूल समुदाय ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है। अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा। यह घटना पूरे क्षेत्र में गहरे शोक का कारण बनी हुई है।