रायपुर। छत्तीसगढ़ नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने ग्रेड पे और वेतनमान की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन पर जाने का ऐलान कर दिया है। एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं हुई तो प्रदेश के सभी 10 शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों से संबद्ध अस्पतालों में कार्यरत समस्त नर्सिंग संवर्ग अनिश्चितकालीन आंदोलन पर जाएंगे। हालांकि अभी तक आंदोलन की निश्चित तारीख की घोषणा नहीं किया गया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रीना राजपूत और प्रदेश सचिव नीलिमा शर्मा द्वारा जारी के अनुसार यह आंदोलन 14 सालों से लंबित मांग को लेकर किया जा रहा है।
14 साल से संघर्ष, शासन ने प्रस्ताव लौटाया
एसोसिएशन ने पत्र में लिखा है कि संघ चिकित्सा शिक्षा विभाग के समस्त नर्सिंग संवर्ग के ग्रेड पे एवं वेतनमान की मांग को लेकर विगत 14 वर्षों से संघर्षरत है। दिसंबर 2025 में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन के बाद चरणबद्ध आंदोलन के तहत 3 दिवसीय निश्चितकालीन आंदोलन किया गया था। इसके बाद 30 जनवरी 2026 को नर्सिंग संवर्ग की मांगों पर बजट प्रस्ताव बनाकर आयुक्त कार्यालय से शासन की ओर प्रेषित किया गया था, जिसके कारण आंदोलन को स्थगित कर दिया गया था। परंतु आंदोलन के स्थगन के बाद प्रस्ताव शासन द्वारा वापस आयुक्त कार्यालय को अमित हेतु भेजा गया, जिस पर अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं की गई है।
एसोसिएशन का आरोप है कि इसके बाद भी मांगों पर कोई विचार नहीं किया गया, जिससे पूरा नर्सिंग संवर्ग नाराज है और संघ की हुई मीटिंग में अनिश्चितकालीन आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
एसोसिएशन ने विनम्र अनुरोध किया है कि ग्रेड पे वेतनमान पर बने प्रस्ताव को शीघ्रातिशीघ्र लागू किया जाए, अन्यथा सभी 10 चिकित्सा महाविद्यालयों में कार्यरत समस्त नर्सिंग संवर्ग द्वारा अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जायेगा और मरीजों को होने वाली सभी परेशानियों की जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
इस पत्र की प्रतिलिपि स्वास्थ्य सचिव, मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा, नवा रायपुर को भी भेजी गई है।
