साल 2025 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ से रातों-रात सुपरस्टार बनीं सारा अर्जुन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। चर्चा है कि, भारतीय सिनेमा की सबसे खूबसूरत अदाकारा मधुबाला की बायोपिक के लिए सारा को फाइनल कर लिया गया है। यह प्रोजेक्ट इसलिए भी खास है क्योंकि भव्य फिल्मों के जादूगर संजय लीला भंसाली इस फिल्म के साथ बतौर प्रोड्यूसर जुड़ चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म का निर्माण जुलाई 2026 से शुरू होगा और इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एक मेगा-रिलीज के तौर पर पेश किया जाएगा।

इस प्रतिष्ठित रोल के लिए सारा अर्जुन का चुनाव काफी चौंकाने वाला और रोमांचक रहा है। सारा से पहले इस रेस में कियारा आडवाणी, शरवरी वाघ और कल्याणी प्रियदर्शन जैसी स्थापित अभिनेत्रियों के नाम शामिल थे, लेकिन सारा की मासूमियत और उनके अभिनय की गहराई ने उन्हें इस दौड़ में सबसे आगे कर दिया। सारा ने मधुबाला के किरदार में ढलने के लिए अभी से अपने लुक्स और हाव-भाव पर काम करना शुरू कर दिया है, ताकि वह पर्दे पर उस स्वर्णिम युग को दोबारा जीवंत कर सकें।
यह फिल्म न केवल मधुबाला के फिल्मी सफर को दिखाएगी, बल्कि उनकी निजी जिंदगी के उन दर्दनाक और अनछुए हिस्सों को भी उजागर करेगी जिनसे दुनिया अनजान है। दिलीप कुमार के साथ उनकी चर्चित प्रेम कहानी से लेकर किशोर कुमार के साथ उनकी शादी और दिल की बीमारी से जूझते उनके आखिरी दिनों तक, यह फिल्म भावनाओं का एक समंदर समेटे होगी। हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन सारा अर्जुन और भंसाली का साथ आना इस प्रोजेक्ट को साल की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से एक बनाता है।
