प्रेग्नेंसी में भी नहीं रुकीं नेहा धूपिया, बोलीं- ‘यश राज स्टूडियो में ही शुरू हो गई थी प्रसव पीड़ा’

Follow Us

मुंबई। अभिनेत्री नेहा धूपिया उन एक्ट्रेसेस में शामिल हैं, जिन्होंने गर्भावस्था के दौरान भी लगातार काम जारी रखा। हाल ही में उन्होंने अपने इस दौर की मुश्किलों और अनुभवों को खुलकर साझा किया। नेहा धूपिया हाल ही में परिणीति चोपड़ा के टॉक शो ‘मॉम टॉक्स’ में नजर आईं। इस दौरान उन्होंने बताया कि कैसे शूटिंग के दौरान ही उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी। प्रोमो में नेहा कहती दिखीं कि उन्होंने गर्भावस्था के अंतिम समय तक काम किया और करीब साढ़े आठ महीने तक लगातार शूटिंग करती रहीं। उन्होंने कहा, “मैं काम पर वापस जाना चाहती थी और आखिर तक काम करती रही। मेरी प्रसव पीड़ा यश राज स्टूडियो में ही शुरू हुई थी। शो के दौरान परिणीति ने जब मां बनने के बाद समाज की अपेक्षाओं पर सवाल किया, तो नेहा ने बेबाक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मां बनने के बाद भी अपनी पसंद के अनुसार जीवन जीने की पूरी स्वतंत्रता मिलनी चाहिए और समाज की सोच में ज्यादा बदलाव की जरूरत नहीं है। नेहा और अंगद बेदी ने नवंबर 2021 में अपनी बेटी मेहर का स्वागत किया था। इसके बाद उनके घर बेटे गुरिक के रूप में फिर खुशियां आईं। नेहा अक्सर अपने परिवार और करियर के बीच संतुलन को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। काम की बात करें तो नेहा हाल ही में ‘सिंगल पापा’ शो में नजर आई थीं, जिसमें कुणाल खेमू समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए। शो के दूसरे सीजन को भी दर्शकों से अच्छा प्रतिसाद मिला है।