चोट के बाद नीरज चोपड़ा की धमाकेदार वापसी, दोहा डायमंड लीग में दुनिया के दिग्गजों से होगा मुकाबला

Follow Us

दोहा। भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा एक बार फिर मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। पीठ की चोट से उबरने के बाद नीरज शुक्रवार को कतर में होने वाली दोहा डायमंड लीग में 2026 सीजन का अपना पहला मुकाबला खेलेंगे। करीब 9 महीने बाद वापसी कर रहे नीरज के प्रदर्शन पर पूरी दुनिया की नजरें होंगी। नीरज ने आखिरी बार सितंबर 2025 में टोक्यो वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था। दोहा उनके लिए खास मैदान रहा है, जहां वह पहले भी शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। साल 2023 में उन्होंने 88.67 मीटर के थ्रो के साथ डायमंड लीग खिताब जीता था, जबकि 2024 में 88.36 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे।

इस बार नीरज को कड़ी चुनौती मिलने वाली है। श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिराजे शानदार फॉर्म में हैं, जिन्होंने हाल ही में 92.62 मीटर का थ्रो कर दुनिया में तहलका मचा दिया था। वहीं, दो बार के वर्ल्ड चैंपियन एंडरसन पीटर्स और अन्य शीर्ष खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम ने इस प्रतियोगिता से अपना नाम वापस ले लिया है। इसके बावजूद दोहा में मुकाबला बेहद रोमांचक रहने की उम्मीद है। नीरज के लिए यह साल बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि 2026 में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होने हैं। ऐसे में दोहा डायमंड लीग में उनका प्रदर्शन आगे की तैयारियों का बड़ा संकेत माना जाएगा।