एफआईएच महिला नेशंस कप में भारत का जलवा, जापान को हराकर सेमीफाइनल में पहुंची टीम; पूल ए में टॉप पर कब्जा

Follow Us

ऑकलैंड। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला नेशंस कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जापान को 2-1 से मात दी और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ भारत ने पूल ए में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है।

ऑकलैंड के नॉर्थ हार्बर नेशनल हॉकी सेंटर में खेले गए मुकाबले में भारत की कप्तान सलीमा टेटे और लालरेमसियामी ने शानदार गोल कर टीम को जीत दिलाई। सलीमा ने 33वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई। हालांकि जापान ने ज्यादा देर इंतजार नहीं किया और एई हिरामित्सु ने 35वें मिनट में गोल कर स्कोर बराबर कर दिया।

मैच के आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। 49वें मिनट में लालरेमसियामी ने बेहतरीन फिनिशिंग करते हुए विजयी गोल दागा और भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। इस मुकाबले में मिडफील्डर ज्योति ने भी खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपना 100वां सीनियर अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला। भारत ने इससे पहले अमेरिका को भी हराया था और अब उसके खाते में छह अंक हैं। टीम पूल ए में शीर्ष पर पहुंच गई है। टूर्नामेंट में भारत का अगला मुकाबला 18 जून को उरुग्वे के खिलाफ होगा। वहीं जापान और अमेरिका के बीच होने वाला मैच दूसरे सेमीफाइनलिस्ट का फैसला करेगा। भारतीय टीम की नजरें अब खिताब जीतने पर टिकी हैं।