बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रोज-रोज के झगड़े से परेशान एक महिला ने अपनी सौतन की आधी रात सोते समय हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह घटना नेवारीकला गांव की है। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात आरोपी अमृत बाई साहू ने दूसरे कमरे में सो रही अपनी सौतन दया बाई साहू पर पहले खाट के खुले (लकड़ी के हिस्से) से हमला किया। इसके बाद धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और मौके से खेत की ओर भाग गई।
रात करीब 3 बजे जब पति चिम्मन साहू की नींद खुली तो उसने देखा कि अमृत बाई कमरे में नहीं है। दूसरे कमरे में जाकर देखने पर दया बाई खून से लथपथ मृत अवस्था में मिली। घटना की जानकारी ग्रामीणों और कोटवार के माध्यम से पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान संदेह के आधार पर अमृत बाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सौतन के साथ लगातार होने वाले विवाद से परेशान होकर उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
