कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बारिश के मौसम के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर की पानी टंकी के अंदर 7 फीट लंबा विशाल अजगर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना पंप हाउस क्षेत्र में रहने वाले केबल ऑपरेटर सनत रॉयल के घर की है। परिजनों ने जब पानी टंकी के अंदर केबल के नीचे अजगर को देखा तो उनकी सांसें थम गईं और तुरंत वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नोवा नेचर रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी अपनी टीम के सदस्य राजू बर्मन, बॉबी श्रीवास और साहिल के साथ मौके पर पहुंचे।
टीम ने काफी सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और अजगर को सुरक्षित रूप से पकड़कर थैले में रखा। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस दौरान घर के लोगों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू प्रमुख जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की कि, बारिश के मौसम में सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं, बल्कि उससे दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना दें। उन्होंने यह भी कहा कि, सर्पदंश की स्थिति में भी तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करना चाहिए।
