मुंगेली। जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विकास की बड़ी सौगात लेकर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री आज जिले को कुल 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वे 414 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, जिससे जिले के बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। मुख्य कार्यक्रम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां 152 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 284 कार्यों का लोकार्पण और 201 करोड़ रुपये से अधिक के 130 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा।
इनमें सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी भवन, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, सामुदायिक भवन, तालाब सौंदर्यीकरण और सीसी रोड जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। मुख्यमंत्री का दिनभर का दौरा काफी व्यस्त रहेगा। वे रायपुर से रवाना होकर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और इसके बाद मुंगेली पहुंचकर शहर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इनमें डॉ. भीमराव आंबेडकर, बाबा घासीदास, महाराणा प्रताप और माता कर्मा की प्रतिमाएं शामिल हैं। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा और तैयारियों को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। शाम को विकास कार्यों के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रायपुर के लिए रवाना होंगे। यह दौरा मुंगेली के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
