सांसद की सख्ती: किसानों के बीच अधिकारी को लगाई फटकार, निरीक्षक माइक छोड़कर चला गया

Follow Us

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उस वक्त माहौल गर्म हो गया, जब सांसद भोजराज नाग ने किसानों के सामने ही मत्स्य विभाग के निरीक्षक को कड़ी फटकार लगा दी। घटना विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत ग्राम दसपुर में आयोजित कार्यक्रम की है, जहां जनप्रतिनिधियों और किसानों के बीच संवाद चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने विभागीय योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचने को लेकर सवाल किया। जब संबंधित निरीक्षक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, तो सांसद नाराज़ हो गए और मंच से ही तीखी टिप्पणी करते हुए लापरवाही पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने कहा कि, अगर अधिकारियों को ही योजनाओं की जानकारी नहीं है, तो किसानों तक लाभ कैसे पहुंचेगा। सार्वजनिक मंच पर हुई इस फटकार से निरीक्षक असहज हो गए और बिना कुछ कहे माइक छोड़कर कार्यक्रम स्थल से चले गए। इस व्यवहार से सांसद का गुस्सा और बढ़ गया, और उन्होंने इसे जिम्मेदारी से बचने की कोशिश बताया। बताया जा रहा है कि, कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के अन्य अधिकारी भी अनुपस्थित थे, जिससे व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक कार्यप्रणाली और किसानों को योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति पर चर्चा तेज हो गई है। अब यह मामला सिर्फ एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारियों के बीच तालमेल पर भी सवाल खड़े कर रहा है।