रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ने के संकेत हैं। अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है और जगदलपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन डीप डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है। इसके प्रभाव से 23 और 24 सितंबर को दक्षिणी हिस्सों के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। रायपुर में भी मंगलवार रात मौसम में बदलाव देखने को मिला, हालांकि उमस से पूरी तरह राहत नहीं मिली।
मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव में तेज हवा, बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और बेमेतरा के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार 22 सितंबर सुबह 11:30 बजे डिप्रेशन पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 17.9 डिग्री उत्तर अक्षांश और 85.8 डिग्री पूर्व देशांतर के पास था। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 23 सितंबर की रात तक विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार करने की संभावना है।
रायपुर में 23 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 31 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
