जशपुर में 61 करोड़ रुपये के CSR कार्यों से स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं को बढ़ावा

Follow Us

जशपुरनगर। आदिवासी बहुल जशपुर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए CSR मद से 61 करोड़ रुपये के कार्य कराए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं में अस्पताल का उन्नयन, अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण, स्कूल भवनों का विकास और महिलाओं व युवाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण शामिल हैं। इन पहलों का उद्देश्य जिले में अधोसंरचना को बेहतर बनाने के साथ स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाना है।

जिला मुख्यालय में स्वर्गीय जगदेवराम उरांव कल्याण आश्रम चिकित्सालय के नवीनीकरण और नए भवन के निर्माण के लिए एनटीपीसी लारा के CSR मद से करीब 35 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। अस्पताल भवन का काम अंतिम चरण में बताया गया है और चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ व अन्य कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। वहीं सन्ना क्षेत्र में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। पहाड़ी कोरवा बहुल क्षेत्र में बनने वाले इस केंद्र में आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की योजना है।

जशपुर विकासखंड के धोलेंग में आदित्य बिड़ला समूह के सहयोग से हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र संचालित है, जहां महिलाओं को विभिन्न वस्त्र तैयार करने की तकनीक सिखाई जा रही है। केंद्र में टेक्सटाइल लैब भी बनाई गई है, जहां कपड़ों की गुणवत्ता जांच के साथ युवाओं को लैब टेक्नीशियन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा CSR राशि से जिले के कई विकासखंडों में स्कूल भवनों के निर्माण के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है। इनमें तुरंगाखार, पंडरीपानी, कंदईबहार, टटकेला, खजूरबहार, लोधमा और दुलदुला के स्कूल शामिल हैं। इन भवनों के तैयार होने से विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। जशपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट पर शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों तथा CSR मद के तहत भर्ती संबंधी सूचनाएं भी जारी की गई हैं।