रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार तेज रफ्तार पकड़ ली है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटे के भीतर राज्य के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच गया। मंगलवार शाम राजधानी रायपुर में हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम के शेष क्षेत्रों में भी जल्द मानसून पहुंचने की संभावना है। आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेशभर में मौसम सक्रिय रहने के संकेत हैं।
बीते 24 घंटों में डौंडी और नांगर में सबसे अधिक 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मैनपुर और धमतरी में 4 सेंटीमीटर, जबकि कांकेर, जगदलपुर, राजनांदगांव सहित कई इलाकों में 3 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड हुई। लगातार बारिश के चलते प्रदेश का तापमान भी गिरा है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। वहीं रायपुर समेत 27 जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाओं और बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
