मिथुन चक्रवर्ती अस्पताल में भर्ती, छोटी सर्जरी के बाद सुवेंदु अधिकारी ने जाना हाल

Follow Us

कोलकाता। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, उनकी एक मामूली सर्जरी (माइनर सर्जरी) हुई है, जिसके बाद डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अभिनेता के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

रिपोर्ट्स के अनुसार, सर्जरी के बाद एहतियातन मिथुन चक्रवर्ती को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं और फिलहाल किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या की जानकारी सामने नहीं आई है। मिथुन चक्रवर्ती भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार फिल्में दी हैं। फिल्म ‘डिस्को डांसर’ ने उन्हें देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खास पहचान दिलाई। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मान भी मिल चुके हैं। अभिनेता के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की है। फैंस उनके शीघ्र स्वस्थ होकर फिर से सक्रिय होने की कामना कर रहे हैं।