सूरजपुर। जिले में डायल 112 टीम पर हमला करने वाले 8 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद प्रतापपुर पुलिस ने सभी आरोपियों का जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों ने “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है” के नारे लगते नजर आए। अपराध और न्याय जानकारी के अनुसार, यह घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर की है, जहां बीते दिनों सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग भी लगा दी थी। इस बीच हादसे की सूचना पर पहुंची डायल 112 टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था।
हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें आरोपी डायल 112 के आरक्षक और ड्राइवर को बेदम मारते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 132, 221, 121(1), 191(2) और 190 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर शहर में जुलूस निकाला। वहीं आगजनी के मामले में बीएनएस की धारा 324(5) के तहत मुकेश उर्फ सीजय पैंकरा और दिपेश पैंकरा के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
