पीलीभीत, यूपी। जिले में शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर सरकारी धन का गबन सामने आया है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इल्हाम शम्सी उर्फ रहमान ने अपनी तीन पत्नियों, साली, सास और महिला मित्रों के खातों के जरिए लगभग 8 करोड़ 15 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर की। इस मामले में अब तक 7 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। इनमें आरोपी की दो पत्नियां लुबना और अजरा खान, साली फातिमा, सास नाहिद, सलहज आफिया और दो महिला मित्र परवीन खातून व आशकारा परवीन शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, इल्हाम शम्सी DIOS कार्यालय में तैनात था और फर्जी बेनिफिशियरी आईडी तथा ट्रेजरी टोकन जनरेशन के जरिए सरकारी धनराशि को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करता था। अब तक 53 संदिग्ध खातों की पहचान की जा चुकी है और करोड़ों रुपये की रकम का इस्तेमाल जमीन खरीद समेत अन्य जगहों पर किया गया। पुलिस जांच जारी है और जो भी अधिकारी या अन्य व्यक्ति इस मामले में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्य आरोपी इल्हाम शम्सी पहले जमानत पर था और अपनी गिरफ्तारी से बचता रहा, जबकि उसकी पत्नियां, रिश्तेदार और महिला मित्र अब गिरफ्त में हैं। इस मामले की जांच नए एसपी सुकीर्ति माधव के आने के बाद तेज कर दी गई है।
