अंबिकापुर। छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर तैयारियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, सूर्य उपासना और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से स्वच्छता, रोशनी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
