बीजापुर के जंगल में मिला माओवादी डंप, SLR-INSAS समेत हथियार और कारतूस बरामद

Follow Us

बीजापुर। जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में हथियार और अन्य सामग्री बरामद हुई है। बेदरे थाना क्षेत्र के लंका पहाड़ी जंगल में सर्चिंग और डिमाइनिंग के दौरान जवानों को जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप मिला। तलाशी में SLR/LMG, INSAS रायफल, .315 बोर बंदूक, BGL लॉन्चर, ग्रेनेड और अलग-अलग हथियारों के कारतूस बरामद किए गए। सभी सामान को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।

बरामद सामग्री में एक SLR/LMG रायफल, एक INSAS रायफल, एक .315 बोर बंदूक, दो BGL लॉन्चर, 17 BGL सेल और एक चाइना हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। इसके अलावा 49 SLR राउंड, 15 .315 बोर राउंड, 15 BGL कारतूस, चार SLR मैगजीन और एक .315 बोर मैगजीन भी मिली है। सुरक्षा बल अब इस डंप से जुड़े लोगों की पहचान और अन्य जानकारियां जुटा रहे हैं।

सितंबर में बीजापुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हथियारों के ऐसे कई डंप मिलने की जानकारी सामने आई है। 20 सितंबर को भैरमगढ़ क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से AK-47 सहित अन्य हथियार और कारतूस, 16 सितंबर को फरसेगढ़ क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा जंगल से रायफल, बड़ी संख्या में कारतूस, जिलेटिन और संचार उपकरण, जबकि 10 सितंबर को मिरतुर क्षेत्र के इंडरीपाल जंगल से वायर, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद किए गए थे। इससे पहले 1 सितंबर को भोपालपटनम क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल से भी हथियार, BGL सेल और कारतूस जब्त किए गए थे।