आदिवासी प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कांकेर को बड़ी जिम्मेदारी, विजय ठाकुर बने प्रदेश उपाध्यक्ष, सरजू शोरी को मिली प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी

Follow Us

कांकेर। आदिवासी प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत करने और आदिवासी क्षेत्रों में कांग्रेस की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए कांकेर जिले के दो वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। समिति ने चारामा निवासी वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय ठाकुर को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा सरजू शोरी को प्रदेश सचिव नियुक्त किया है। इन नियुक्तियों को संगठन में कांकेर जिले की सक्रिय भूमिका और नेतृत्व क्षमता का सम्मान माना जा रहा है।

प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी नियुक्ति के बाद जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि विजय ठाकुर और सरजू शोरी लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहकर जनहित के मुद्दों पर काम करते रहे हैं तथा उनके अनुभव का लाभ प्रदेश संगठन को मिलेगा।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद विजय ठाकुर एवं सरजू शोरी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी एवं जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष बसंत यादव और भानुप्रतापपुर विधानसभा विधायक मति सावित्री मनोज मांडवी जी से सौजन्य भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा तथा कांग्रेस की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष विजय ठाकुर ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा तथा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।

वहीं प्रदेश सचिव सरजू शोरी ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और आदिवासी समाज की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर राजेश तिवारी ने दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन ने योग्य एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों पदाधिकारी संगठन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।