दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों की सटीक निशानदेही पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई को दंतेवाड़ा पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम तोड़मा के जंगल-पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान टीम ने छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप खोज निकाला।
बरामद सामग्री में करीब 116 ग्राम सोने का बिस्किट (अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये), 2 लाख रुपये नकद, एक इंसास राइफल, एके-47 और एसएलआर की मैग्जीन व कारतूस, 12 बोर बंदूकें, बीजीएल लॉन्चर, रिवॉल्वर समेत बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद शामिल हैं। इसके अलावा टिफिन बम, पाइप बम, तीर बम, हैंड ग्रेनेड, मोर्टार, डेटोनेटर, जिलेटिन, कोडेक्स वायर, कुकर, नक्सली वर्दी, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने इसे राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति की महत्वपूर्ण सफलता बताया है। उनका कहना है कि मुख्यधारा में लौटे पूर्व माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर नक्सली नेटवर्क को लगातार कमजोर किया जा रहा है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

