वेदर अपडेट: छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन बारिश का जोर, कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट, तापमान में गिरावट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रविवार को रायपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को भी अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे तथा कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली सहित कई जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रायपुर समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में गरज-चमक, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।