कोरबा में भारी बारिश का अलर्ट, मिनीमाता बांगो बांध के गेट खुलने की संभावना; हसदेव नदी से दूर रहने की अपील

Follow Us

कोरबा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को क्षेत्र में भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए मिनीमाता बांगो बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए जरूरत पड़ने पर बांध के गेट खोले जा सकते हैं। इससे हसदेव नदी के जलस्तर और बहाव में बढ़ोतरी होने की आशंका है।

मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्रमांक-3, माचाडोली ने नदी के तटीय इलाकों और जल प्रवाह वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नागरिकों को नदी के किनारों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने और नदी में उतरने, नहाने, मछली पकड़ने सहित अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों, पशुपालकों और मछुआरों से अपने परिवार के सदस्यों और पशुओं को नदी किनारे नहीं जाने देने का आग्रह किया है। बांध के गेटों के संचालन और नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए सभी नागरिकों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। साथ ही अफवाहों से बचने और सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।