रायपुर। राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र भनपुरी स्थित गजराज पॉलीमर फैक्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियों की मदद से लगातार पानी और फोम का छिड़काव किया गया। आग को आसपास के इलाकों तक फैलने से रोकने के लिए दमकल कर्मियों ने पूरी रात मशक्कत की। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उनके साथ डीआईजी होमगार्ड एवं एसडीआरएफ अजातशत्रु बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी की। प्रशासनिक अधिकारियों ने दमकल कर्मियों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने और अभियान को व्यवस्थित तरीके से चलाने के निर्देश दिए।
दमकल कर्मियों की लगातार कोशिशों के बाद शुक्रवार सुबह आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
