बीजापुर में नक्सलियों के मंसूबों पर बड़ा वार: पहाड़ियों में छिपा बंकर मिला, BGL लांचर समेत विस्फोटक सामान बरामद

Follow Us

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। गंगालूर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने पहाड़ियों के बीच बने एक गुप्त नक्सली बंकर का पता लगाकर भारी मात्रा में विस्फोटक और तकनीकी सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, डोडीतुमनार की पहाड़ियों में नक्सलियों ने बंकर बनाकर हथियार और अन्य सामग्री छिपा रखी है। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और मौके से बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया।

बरामद सामग्री में देशी बीजीएल लांचर, बैटरियां, इन्वर्टर, जनरेटर, लेथ मशीन, कार्डेक्स वायर और विस्फोटक उपयोग में आने वाली अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह डंप नक्सलियों द्वारा बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इधर, छत्तीसगढ़-आंध्र सीमा से एक और बड़ी खबर सामने आई है। पांच लाख रुपये की इनामी महिला माओवादी पोडियम लक्ष्मी ने आत्मसमर्पण कर दिया है। लंबे समय से नक्सली संगठन से जुड़ी लक्ष्मी ने सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर पुलिस के सामने सरेंडर किया। प्रशासन ने उसे पुनर्वास, रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ देने की बात कही है।