ACB का बड़ा एक्शन: फरसगांव तहसील कार्यालय में तहसीलदार का रीडर 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Follow Us

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। ACB के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नामांतरण (म्यूटेशन) प्रकरण में उनके पिता और बुआ का नाम दर्ज करने के एवज में रीडर मुकेश रंगारी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 35 हजार रुपये (15 हजार और 20 हजार रुपये) दे चुका था। मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, तभी पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया और आगे की पूछताछ शुरू कर दी।

एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। डीएसपी ने यह भी बताया कि प्रारंभिक जांच में फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। हालांकि मामले की विवेचना जारी है और यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।