कोरबा। जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जब छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल (CSEB) के गोढ़ी स्थित ऐश डैम का एक हिस्सा अचानक टूट गया। डैम टूटते ही आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी मात्रा में राखड़ मिला पानी बहकर क्षेत्र में फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों में इस हादसे को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि, डैम की स्थिति को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते जरूरी मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि, लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल हादसे के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, सीएसईबी की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है। ऐश डैम टूटने की घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
