बेमेतरा में बड़ा हादसा टला: एसडीएम चैंबर की फॉल सीलिंग गिरी, पीडब्ल्यूडी रिनोवेशन पर उठे सवाल

Follow Us

बेमेतरा। जिले में गुरुवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एसडीएम प्रकाश भारद्वाज के चैंबर की फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, कार्यालय में हाल ही में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा मरम्मत और रिनोवेशन का कार्य कराया गया था। घटना के बाद जब कर्मचारी वापस लौटे तो उन्होंने चैंबर में फॉल सीलिंग गिरी हुई देखी, जिसके बाद पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया। इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदार एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि रिनोवेशन के दौरान मानकों का पालन किया गया या नहीं। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी है और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फॉल सीलिंग गिरने का कारण निर्माण में कमी थी या अन्य तकनीकी वजह। हालांकि समय रहते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने सरकारी भवनों में चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारी अब पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं और जिम्मेदारी तय करने की बात कही जा रही है।