नवापारा-राजिम। नवापारा-मगरलोड मार्ग पर महानदी स्थित त्रिवेणी पुल पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए पुल के किनारे लटक गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9 बजे एक कार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रैक्टर रेलिंग तोड़कर आधा पुल से नीचे लटक गया। हादसे में कार को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना कड़ी करेली चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद पुल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते चालक के ट्रैक्टर से कूद जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
