सावन के दूसरे सोमवार पर महाकाल की भस्म आरती: ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा उज्जैन, सोम प्रदोष का भी बना संयोग

Follow Us

उज्जैन। सावन के दूसरे सोमवार और सोम प्रदोष के शुभ संयोग पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तड़के बाबा महाकाल के कपाट खोले गए और विधि-विधान से पंचामृत अभिषेक के बाद भस्म आरती संपन्न हुई। आरती के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री महाकाल’ के जयघोष से गूंज उठा।

भोर करीब 2:30 बजे भगवान वीरभद्र की आज्ञा के बाद मंदिर के पट खोले गए। इसके बाद बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। भांग और मेवों से सजे बाबा को सोम प्रदोष के चलते फलाहार का भोग अर्पित किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित आकाश शर्मा ने बताया कि सावन का सोमवार और प्रदोष एक साथ पड़ना शिव भक्तों के लिए विशेष अवसर है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन बाबा महाकाल के दर्शन और पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।

देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु भस्म आरती में शामिल होने उज्जैन पहुंचे। मथुरा से आईं स्वरा कौशिक ने कहा कि आरती के दौरान उन्हें बेहद आध्यात्मिक अनुभूति हुई। वहीं साध्वी हर्षा नंद गिरी ने कहा कि भस्म आरती में शामिल होना उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं रहा। सावन के इस पावन अवसर पर महाकाल नगरी पूरी तरह शिवमय नजर आई।