लिफ्ट मांगकर बनाई पहचान, फिर पार कर दी बाइक; शातिर चोर गिरफ्तार

Follow Us

धमतरी। सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है। आरोपी ने पहले बाइक सवार से लिफ्ट मांगकर पहचान बनाई और बाद में मौका पाकर उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी संजय मारकंडे निवासी देवरी कचांदुर (जिला बालोद) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7-8 मई 2026 की दरम्यानी रात वह अपनी हीरो एचएफ डीलक्स (CG 24 P 9546) से गंगरेल घूमने आया था। वापसी के दौरान अंबेडकर चौक धमतरी में एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी, जिसे उसने नेहरू गार्डन तक छोड़ा। इसके बाद वह वहीं आराम करने लगा। अगली सुबह उठने पर उसकी मोटरसाइकिल गायब मिली।

शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 149/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी की बाइक आमातालाब रोड क्षेत्र में चलाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने सेन समाज भवन के पास घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी पेमन साहू (31 वर्ष), निवासी खपरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।