सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में महिला की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में खुलासा हुआ है कि प्रेम संबंधों में पैदा हुए विवाद के चलते महिला की हत्या की साजिश उसके कथित प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर रची थी। आरोप है कि दोनों ने 4 लाख रुपये की सुपारी देकर शूटरों से महिला की हत्या करवाई। इस मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को जोंगरा गांव निवासी पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जांच में मामला अंधे कत्ल जैसा लग रहा था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि मृतका का कथित प्रेम संबंध मुरलीशंकर नामक व्यक्ति से था। समय के साथ यह रिश्ता विवाद का कारण बन गया। इसके बाद मुरलीशंकर ने अपनी पत्नी चम्पा चौहान के साथ मिलकर पूर्णिमा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सीधे हत्या करने के बजाय 4 लाख रुपये में सुपारी किलर हायर किए। इस साजिश में झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से जुड़े अपराधियों को शामिल किया गया। योजना के तहत 26 जून को दो शूटर पूर्णिमा के घर पहुंचे और गोली मारकर उसकी हत्या करने के बाद फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी मुरलीशंकर के कब्जे से पिस्तौल, 4 जिंदा कारतूस, 3 खाली खोखे, मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। अन्य आरोपियों से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।

