सोनीपत में खिला ‘कमल’, 23 हजार से ज्यादा वोटों से जीते राजीव जैन, भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

Follow Us

सोनीपत। निकाय चुनावों के नतीजों के बीच हरियाणा की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। सोनीपत नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहराते हुए विपक्षी खेमे को पस्त कर दिया है। मतगणना की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखने वाले भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने दोपहर होते-होते 23,247 वोटों के भारी अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। निकाय चुनावों में यह भाजपा की पहली और सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिसने पूरे प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दे दी है।

परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यालय के बाहर उत्सव का माहौल बन गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस जीत को ‘विकास की राजनीति’ और जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण बताया है। जीत के बाद राजीव जैन के समर्थकों ने शहर में विजय जुलूस निकाला और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि, इतनी बड़ी लीड ने न केवल पार्टी का मनोबल बढ़ाया है, बल्कि आगामी चुनावों के लिए एक मजबूत आधार भी तैयार कर दिया है।