रायपुर। राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ तीनों भव्य रथों पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। वहीं, 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। रथयात्रा से पहले 14 जुलाई की शाम 6 बजे मंदिर परिसर में नेत्रोत्सव का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा। इसके बाद विधि-विधान के साथ भगवान की रथयात्रा की परंपराएं पूरी की जाएंगी।
श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष और विधायक पुरंदर मिश्रा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रथयात्रा के दौरान राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भगवान के रथ के सामने सोने की झाड़ू से ‘छेरा पहरा’ की परंपरा निभाएंगे। यह रस्म सेवा, समर्पण और समानता का प्रतीक मानी जाती है। आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। पुरंदर मिश्रा ने बताया कि रथयात्रा भक्तों और भगवान के प्रत्यक्ष मिलन का महापर्व है। साल में एक बार भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर से बाहर निकलकर भक्तों को दर्शन देते हैं।
रथयात्रा के दिन सुबह 11 बजे मंदिर में वैदिक पंडितों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और हवन किया जाएगा। भगवान को चंदन, केसर, कस्तूरी और कपूर सहित सुगंधित द्रव्यों से दिव्य स्नान कराया जाएगा। इसके बाद पारंपरिक गजामूंग महाप्रसाद अर्पित कर वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और मंगल वाद्ययंत्रों के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को रथों पर विराजमान कराया जाएगा।
