लखनऊ में वकीलों का उग्र प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा की ओर बढ़े अधिवक्ता; हजरतगंज में की नारेबाजी

Follow Us

लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में वकीलों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर जमकर नारेबाजी की और विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान कुछ वकीलों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी, जबकि कई अधिवक्ता दूसरी बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने लगे।

कैसरबाग कोर्ट से शुरू हुआ पैदल मार्च
अधिवक्ताओं का पैदल मार्च कैसरबाग स्थित न्यायालय परिसर से शुरू हुआ। यहां से वकील परिवर्तन चौक और अटल चौक होते हुए विधानसभा की ओर रवाना हुए। इस प्रदर्शन को प्रदेश के कई अधिवक्ता संगठनों का समर्थन मिला। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द से जल्द अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग की।

विधानसभा घेराव के ऐलान पर पुलिस अलर्ट
वकीलों के विधानसभा घेराव के ऐलान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। हजरतगंज समेत मार्च के पूरे रास्ते पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कई थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाया गया था।बैरिकेडिंग तोड़े जाने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। अधिवक्ताओं का कहना है कि वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन पर होने वाले हमलों को रोकने के लिए अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करना बेहद जरूरी है।