रायपुर। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा किसान मोर्चा की छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा शुरू किए जा रहे ‘किसान मितान अभियान को संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में गुर्जर ने कहा कि किसान मितान के माध्यम से प्रत्येक मतदान केंद्र पर 10-10 कार्यकर्ताओं को जोडऩे की योजना है। ये कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर किसानों से संपर्क करेंगे और उनकी वास्तविक समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी सरकार तक पहुंचाएंगे, ताकि उनका समय पर समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 82 प्रतिशत किसान छोटे किसान हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के वादे को पूरा कर रही है। प्रदेश में 3100 से अधिक धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। किसानों की यूनिक आईडी, डिजिटल सर्वे और बोए गए रकबे के आधार पर धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने तीन वर्षों में किसानों को आदान सहायता के रूप में लगभग 35 हजार करोड़ रुपये दिए हैं।
गुर्जर ने बताया कि धान के स्थान पर दलहन और अन्य वैकल्पिक फसलों की खेती करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से 15 हजार रुपये प्रति एकड़ अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया।
राहुल गांधी के आरोपों पर सीएम साय का पलटवार, बोले- जनता का विश्वास खो चुकी है कांग्रेस
केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा देने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। संकट की स्थिति में किसानों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार प्रतिबद्ध हैं।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने कहा कि किसान हितैषी योजनाओं को गांव, खलिहान और प्रत्येक किसान तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से किसान मितान का गठन किया जा रहा है। इसके माध्यम से किसानों की समस्याओं को संगठन के जरिए संबंधित मंच तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में कृषि ऋण पर ब्याज दर को चरणबद्ध तरीके से घटाकर शून्य प्रतिशत किया गया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। किसान मोर्चा अब मंडल स्तर से आगे बढ़कर मतदान केंद्र स्तर तक संगठन का विस्तार कर रहा है।
शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर डीएड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की
पत्रकारवार्ता में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. शंभू, छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव, पूर्व विधायक एवं किसान मोर्चा ओडिशा प्रभारी पिंकी शिवराज शाह तथा छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के प्रभारी पूनम चंद्राकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
