रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल एक्टिवा वाहन और पत्थर बरामद किया है। जांच के दौरान दोनों द्वारा की गई दो पल्सर मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी स्थित क्रिकेट मैदान के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान शहीद नगर निवासी 35 वर्षीय रूपेश सारथी के रूप में हुई, जिसकी सिर पर ठोस वस्तु से वार कर हत्या की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गोर्वधन नगर निवासी 20 वर्षीय शिवा सोनी उर्फ तुषार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि शराब के नशे में मृतक से विवाद होने पर उसे एक्टिवा में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए और पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन और पत्थर जब्त कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों ने पहले देवेंद्र नगर और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों से दो पल्सर मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। पुलिस ने करीब 1.60 लाख रुपये मूल्य की दोनों बाइक भी बरामद कर ली हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
