केतन अग्रवाल हत्याकांड: सिया गोयल के पिता बोले- दोषी साबित हुई तो मिले कड़ी से कड़ी सजा

Follow Us

महाराष्ट्र। रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है। अस्पताल में भर्ती सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि यदि उनकी बेटी जांच और अदालत में दोषी साबित होती है, तो उसे भी कानून के तहत सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस घटना ने दो परिवारों की जिंदगी बदल दी है और पीड़ित परिवार के दर्द की भरपाई कभी नहीं हो सकती।

दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि उनकी बेटी इस तरह के मामले में आरोपी हो सकती है। उन्होंने बताया कि केतन अग्रवाल उनके परिवार के बेहद करीब थे और वे उन्हें बेटे की तरह मानते थे। उन्होंने कहा कि केतन और सिया की शादी को लेकर दोनों परिवारों ने कई सपने देखे थे, लेकिन इस घटना ने सब कुछ खत्म कर दिया।

प्रवीण गोयल ने यह भी कहा कि उन्हें चेतन चौधरी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार, उन्होंने न कभी चेतन को देखा, न उससे बात की और न ही पहले उसका नाम सुना था। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हो, उसे कानून के अनुसार कठोर सजा मिलनी चाहिए।

वहीं, सिया की मां ने भी अदालत से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि केतन उनके परिवार के लिए बेटे समान थे और इस दुखद घटना पर आज भी यकीन करना मुश्किल है। परिवार ने न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जताते हुए कहा कि सच सामने आना चाहिए और दोषियों को उनके अपराध के अनुरूप दंड मिलना चाहिए।